गोटेगांव : 85 वर्षीय वृद्धा की हत्या कर बोरे में बंद की लाश, शरीर से गहने भी कर दिए पार
पुलिस जांच जारी

जबलपुर, यशभारत। मानवता को शर्मसार और रोंगटे खड़े करने वाली हृदय विदारक घटना गोटेगांव के गुरुनानक वार्ड में हुई है। यहां निवासरत 85 वर्षीय एक वृद्धा की क्रूरता की हदोंं को पार कर अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर लाश बोरी में डालकर बंद कर दी। घटना का पता पुलिस को लगते ही हड़कंप मच गया। शव के पैर बंधे हुए थे और उसने जो गहने पहने हुए थे वह गायब थे। घटना की जानकारी लगने के बाद रात को ही पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, एएसपी सुनील शिवहरे ने मौके की जांच की। रात को ही डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई , पुलिस ने मामल जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतका हीराबाई पति स्व. भद्दूलाल कहार 85 वर्ष घर में अकेली थी। इस बीच नाती योगेश कहार यहां पहुंचा तो नानी नहीं दिखी। उसने घर के अंदर जाकर देखा तो एक बोरी बंधी हुई रखी थी जिसे उसने खोला तो बोरी के अंदर नानी का शव देखकर सहम गया। उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की गई। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए एफएसएल टीम के माध्यम से घटनास्थल पर मौजूद विभिन्न तथ्य जुटाते हुए स्थानीय लोगों से पूछताछ की।