मध्य प्रदेशराज्य

गणतंत्र दिवस पर देवदूत बने प्रदीप उइके : समय पर CPR देकर बुजुर्ग की बचाई जान

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-जहां एक ओर पूरा देश 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मना रहा था, वहीं सिवनी जिले के छपारा नगर परिषद क्षेत्र से मानवता, संवेदनशीलता और तत्परता की एक मिसाल सामने आई, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान नगर परिषद के एक कर्मचारी ने अपनी सूझबूझ और साहस से एक बुजुर्ग की जान बचाकर ‘देवदूत’ की भूमिका निभाई।

घटना छपारा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 2, सुभाष वार्ड की है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम जैसे ही संपन्न हुआ, उसी दौरान वहां मौजूद बुजुर्ग मुनीलाल उइके की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग अचानक जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। यह देख कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए।

इसी बीच नगर परिषद के सह वार्ड प्रभारी प्रदीप उइके ने बिना समय गंवाए स्थिति को संभाला। उन्होंने तुरंत बुजुर्ग के पास पहुंचकर उनकी नब्ज और सांस की जांच की और प्राथमिक उपचार के रूप में CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। प्रदीप उइके की त्वरित कार्रवाई और सही तकनीक का ही परिणाम रहा कि कुछ ही क्षणों में बुजुर्ग मुनीलाल उइके की सांसें वापस लौट आईं और उनकी हालत में सुधार दिखाई देने लगा।
इसके बाद नगर परिषद वार्ड के पार्षद दिनेश उइके एवं प्रभारी गणेश झरिया ने भी सक्रियता दिखाते हुए बुजुर्ग को तत्काल वाहन से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रदीप उइके के इस निस्वार्थ सेवा भाव, साहस और मानवीय संवेदनशीलता की पूरे नगर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर CPR नहीं दिया जाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदीप उइके द्वारा किया गया यह कार्य न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि समाज के लिए एक उदाहरण भी है कि आपदा की घड़ी में सही निर्णय और तत्परता किसी की जान बचा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button