खितौला बैंक डकैती के बाद अलर्ट मोड पर कटनी पुलिस, बैंकों व एटीएम में सुरक्षा की पड़ताल

कटनी। जबलपुर में बैंक डकैती की वारदात के बाद कटनी पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान राष्ट्रीयकृत व निजी बैंक, एटीएम, मध्यांचल ग्रामीण बैंक शाखाएं और कियोस्क केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रबंधकों से मुलाकात कर सिक्योरिटी सिस्टम का परीक्षण किया गया और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अलार्म सिस्टम, गार्ड की उपस्थिति, प्रवेश-निकास निगरानी और इमरजेंसी रिस्पांस की जांच हुई। प्रबंधकों को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा मानकों का पालन, तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा और वित्तीय संस्थानों की संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे निरीक्षण आगे भी समय-समय पर जारी रहेंगे।








