खग्रास चंद्रग्रहण के कारण बदली रंगोत्सव की तिथि, 3 और 4 मार्च को अवकाश
प्रशासन सतर्क: होली पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम

खग्रास चंद्रग्रहण के कारण बदली रंगोत्सव की तिथि, 3 और 4 मार्च को अवकाश
प्रशासन सतर्क: होली पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम
कटनी, यशभारत। जिले में इस वर्ष होली का उत्सव दो दिनों के सार्वजनिक अवकाश के साथ मनाया जाएगा। खग्रास चंद्रग्रहण के कारण रंगोत्सव की तिथि में बदलाव किया गया है, जिससे 3 मार्च के साथ अब 4 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।जिले में होली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। दो मार्च की रात होलिका दहन के कार्यक्रम जिले के एक सैकड़ा से अधिक स्थानों पर आयोजित किए गए। परंपरा के अनुसार होलिका दहन के अगले दिन रंगोत्सव मनाया जाता है, लेकिन इस बार 3 मार्च को खग्रास चंद्रग्रहण होने और सूतक काल लागू रहने के कारण रंगों का उत्सव 4 मार्च को मनाया जाएगा। राज्य सरकार ने पहले 3 मार्च को ही होली के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था, लेकिन अब नए आदेश के तहत 3 और 4 मार्च दोनों दिन सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश रहेगा। यह निर्णय नेगोशिएबल लनस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881 के अंतर्गत लिया गया है, ताकि धार्मिक मान्यताओं और खगोलीय परिस्थितियों के मद्देनज़र आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिले में व्यापक इंतजाम..
प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, सीईओ हर सिमरन प्रीत कौर तथा निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि होली समारोह को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। इसके तहत भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।







