देश

कोहरे की चादर में लिपटी आज की सुबह, विजिबिलिटी कम होने से सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन, अब भी छाई है धुंध…

कटनी, यशभारत। कटनी की सुबह आज घने कोहरे में लिपटी है। सुबह 6 बजे नजारा साफ था, लेकिन साढ़े 6 बजते ही घने कोहरे की चादर ने सबकुछ ढक लिया। सुबह 7 बजे आलम यह था कि कुछ ही फासले पर मौजूद चीजें दिखलाई नहीं पड़ रही थी। कचहरी चौक पर महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा और स्टेट बैंक चौराहे पर स्थित मैथिलीशरण गुप्त की प्रतिमा कुछ ही मीटर की दूरी से दिखलाई नहीं पड़ रही थी। अस्पताल रोड, स्टेशन रोड, मिशन चौक, घंटाघर मार्ग समेत ओवरब्रिज पर वाहन लाइट जलाकर रेंगते हुए आगे बढ़ रहे थे। कोहरा इतना घना था कि फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड के गेट पर खड़े होने के बावजूद अंदर का नजारा दिखलाई नहीं पड़ रहा था। साढ़े 8 बजे भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है। विजिबिलिटी कम है। वाहनों को परेशानियां हो रही हैं।

इस बीच मौसम में हो रहे परिवर्तन से वैज्ञानिक भी हैरान है। मौसम की गुगली से लोग परेशान है। कभी घना कुहासा व ठंड से लोग परेशान हो रहे है,वही तीखी धूप भी लोगों को हैरान व परेशान कर रही है।आज सुबह घने कुहासा से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार सुस्त पड़ गई। ठंड बढ़ने से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। आज सुबह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इस दौरान न्यूनतम व अधिकतम तापमान के बीच 15 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहेगा। हवा में अधिकतम नमी 75 फीसदी है। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आसमान में आंशिक बादल छाए रहे सकते है। बूंदाबांदी भी होने का अनुमान है। शाम के वक्त भी हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80-90 प्रतिशत व दोपहर में 55-65 फीसदी रहने का अनुमान है। ओवरब्रिज पर नागपुर से वाहन लेकर आ रहे राम मनोहर सिंह ने बताया कि सुबह 6 बजे के बाद कटनी प्रवेश करते ही विजिबिलिटी बहुत कम हो जाने के चलते गाड़ी को रोड के किनारे खड़ा करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि कोहरा कम होने के बाद ही आगे का रास्ता तय किया जाएगा। जबलपुर से ट्रक लेकर आ रहे नन्दलाल मंडल ने बताया कि घने कोहरे के चलते इस समय चलना बेहद खतरनाक है,ऐसे में ट्रक को खड़ा कर वह कोहरा साफ होने का इंतजार कर रहे है।

IMG 20251215 WA0331

IMG 20251215 WA0329 IMG 20251215 WA0332 IMG 20251215 WA0330

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button