केन नदी पुल पर बस और डंपर के बीच भिंड़त, हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती

कटनी/पवई, यशभारत। कटनी-पन्ना सडक़ मार्ग पर अमानगंज और पवई के बीच केन नदी के पुल पर बुधवार की रात एक बस और डंपर के बीच जोरदार ठोकर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालकों समेत 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी 20 जेड डब्ल्यू 2578 छतरपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस केन नदी पर स्थित टेढ़ीधार पुल पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। ठोकर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुल पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे में बस एवं डंपर के दोनों ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 20 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं। हादसे के बाद पुल पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अमानगंज और पवई स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जिन यात्रियों की हालत ज्यादा गंभीर थी, उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद पन्ना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुल के ठीक बीच में हादसा होने की वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाने और जाम खुलवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।







