कार्यकर्ताओं का परिश्रम एवं मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाता, पार्टी उसका मूल्यांकन करती है : पं. श्याम तिवारी
भाजपा के नए जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सांसद-विधायकों, जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में सम्हाला पदभार

सागर/भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार की देर शाम सागर जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी है।नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत आदि की मौजूदगी में भाजपा के संभागीय कार्यालय पहुंचकर अपनी नई जिम्मेदारी को ग्रहण कर लिया है।
भाजपा नेतृत्व ने ने इस बार जिले को संगठनात्मक रूप से दो भागों में विभाजित किया है जिसमें सागर एवं सागर ग्रामीण दो जिले बनाये है। पार्टी ने श्याम तिवारी को सागर एवं रानी कुशवाहा को सागर ग्रामीण का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत के साथ बुधवार को सर्वप्रथम पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे जहां उनका कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारी जनप्रतिनिधियों व नगरवासियों ने जोरदार स्वागत किया। तत्पश्चात् कार्यकर्ताओं के विशाल हुजूम के साथ नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय पहुंचे। जहां पार्टी पदाधिकारी जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी एवं रानी कुशवाहा का जोरदार स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, इंजी. प्रदीप लारिया, जिला पंचायत हीरा सिंह राजपूत, प्रदेश मंत्री प्रभुदयाल पटैल, बुद्धीजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुराग प्यासी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेष केशरवानी, संभागीय कार्यालय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र पाठक, युवा भाजपा नेता अभिषेक (दीपू) भार्गव, जिला महामंत्री अमित कछवाहा, जगन्नाथ गुरैया, लक्ष्मण सिंह मंचासीन रहे।
स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुये सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि विगत कई वर्षो से पार्टी के लिये लगातार संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता श्री श्याम तिवारी को पार्टी ने जिला अध्यक्ष बनाकर प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ाया है। वहीं रानी कुशवाहा को दूसरे जिले की कमान सौंपकर पार्टी ने मातृशक्ति का सम्मान बढ़ाया हैं।
विधायक शैलेन्द्र जैन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि निवर्तमान जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने परिवार के संस्कारों को आगे बढ़ाते हुये पूर्ण समन्वय एवं सामंजस्य के साथ जिले में संगठन को नई उंचाईयों तक पहुंचाया है। उनका कार्यकाल पार्टी के लिये नितांत शुभंकर एवं अविस्मरणीय रहा। नवनियुक्त जिला अध्यक्षों की कार्य दक्षता से हम सभी भलीभांति परिचित हैं। कई अवसरों पर उन्होंने अपनी कार्यशैली से स्वयं को साबित किया है जिसके परिणाम स्वरूप शीर्ष नेतृत्व द्वारा पार्टी की कमान उन्हें सौंपी गई है।
विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि मैदानी कार्यकर्ता को जिले की कमान मिलने से कार्यकर्ताओं में उत्साह व्याप्त है। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी को पार्टी ने सम्मान प्रदान किया है वहीं युवा नेत्री जिला पंचायत सदस्य रानी कुशवाहा को नवीन जिले की कमान सौंपकर मातृशक्ति को सशक्त किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि श्याम तिवारी अनुभवी नेता है जिसका लाभ निश्चित रूप से संगठन को प्राप्त होगा।
भाजपा नेता अभिषेक भार्गव ने कहा कि समय और भाग्य की प्रबलता जब आती है तो उसके परिणाम का उदाहरण हमारे सामने श्याम तिवारी और रानी कुशवाहा के रूप में है। संगठनात्मक रूप से भले ही जिले को दो भागों में विभाजित किया गया हो परंतु दोनों जिलों के कार्यकर्ता व नेतागण आपसी सामंजस्य से एक साथ मिलकर पार्टी को मजबूत करने के लिये काम करेंगे।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को स्मरण व नमन करते हुये कहा कि भारतीय जनता पार्टी में देर से ही सही लेकिन प्रत्येक कार्यकर्ता को उसके कार्यो का सुखद परिणाम अवश्य मिलता है। केवल भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो एक सामान्य परिवार के सामान्य कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जवाबदारी सौंप सकती है। मैंने कभी अभाव को कमजोरी नहीं बनने दिया उसे ताकत बनाकर लगातार आगे बढ़ता रहा। कार्यकर्ताओं का परिश्रम एवं मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाता पार्टी स्वयं उसका मूल्यांकन करती है। मेरा पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वह कभी निराश न हों लगातार पार्टी के लिये कार्य करें निश्चित ही उसके सुखद परिणाम पार्टी आपको देगी। उन्होंने कहा सत्ता और संगठन के सामंजस्य के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के संकल्प को हम निरंतर आगे बढ़ायेगें। बूथ स्तर पर प्रवास कर संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे। कार्यकर्ताओं का सम्मान ही मेरा सम्मान होगा। मेरा प्रतिपल प्रतिक्षण संगठन को मजबूत करने के लिये एवं भारत माता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिये समर्पित रहेगा।
निवृतमान जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं के कार्यो का मूल्यांकन करती है। श्याम तिवारी जी ने लगातार सभी कार्यो में कंधे से कंधा मिलाकर हमारा सहयोग किया है उनके अनुभव एवं अद्भुत कार्यशैली से पार्टी नये आयामों को छुयेगी। वहीं हमारी दूसरी युवा जिला अध्यक्ष रानी कुशवाहा जी पूरी उर्जा और वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन से संगठन को गढ़ने का कार्य करेंगी। पिछले 4 साल 8 माह में जिला अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठजनों का अभूतपूर्व आशीर्वाद व मार्गदर्शन साथियों का सहयोग छोटे से छोटे कार्यकर्ता से अपार स्नेह प्राप्त हुआ जिसके कारण निरंतर सक्रिय रहकर मैने संगठन के लिये काम किया। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में निरंतर पार्टी के लिये काम करते रहेंगे।
नवनियुक्त सागर ग्रामीण जिला अध्यक्ष रानी कुशवाहा ने कहा यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है एक छोटे से कार्यकर्ता को जिला अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारी मिल सकती है। मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व स्थानीय जनप्रतिनिधियों पदाधिकारी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करती हूं।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन बताया कि स्वागत कार्यक्रम के उपरांत नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने जनप्रतिनिधियों पदाधिकारी और वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में संभागीय भाजपा कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। स्वागत कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठ, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जिलेभर से पधारे कार्यकर्ता शामिल रहे।