कटनी

कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव, कटनी से भी बड़ी संख्या में भोपाल कूच करेंगे नेता और कार्यकर्ता

कटनी, यश भारत। प्रदेश कांग्रेस द्वारा 24 फरवरी को भोपाल में आयोजित होने जा रहे किसान महा चौपाल कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं। इस आयोजन को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी की एक पत्रकार वार्ता आयोजित हुई। जिसको शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने जानकारी देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता, विशेषकर किसान, मजदूर, युवा, छोटे व्यापारी एवं मध्यमवर्ग पर थोपे जा रहे आर्थिक निर्णयों तथा भारत-अमेरिका ट्रेड नीतियों के प्रभाव से देश की अर्थव्यवस्था को विदेशी दबाव में रखने की साजिश की जा रही है। कांग्रेस पार्टी इन जन विरोधी परिस्थितियों का पुरजोर विरोध करते हुए किसानों, मजदूरों और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए यह महा चौपाल आयोजित कर रही है।
यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गरीबों, किसानों, मजदूरों और आमजन के अधिकारों की रक्षा का आंदोलन है। अब चुप रहने का समय नहीं है, बल्कि अन्याय के खिलाफ निर्णायक आवाज बुलंद करने का समय है। कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी जी के नेतृत्त्व में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए लोकतांत्रिक संघर्ष को आगे बढ़ाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी जी के निर्देशानुसार सभी जिला प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जिला, ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित करने, व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला, शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मोर्चा-संगठनों, प्रकोष्ठों एवं कांग्रेसजनों से आह्वान किया है कि वे अधिकतम संख्या में कार्यकर्ताओं, किसानों, मजदूरों एवं युवा साथियों की सहभागिता सुनिश्चित करें। पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ नेता राकेश जैन कक्का, महिला कांग्रेस नेत्री रजनी वर्मा, रामनरेश त्रिपाठी, राजा जगवानी, अजय जेसवानी, राजेश जाटव सहित अन्य नेताओं की उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button