सतना lसाइबर ठगों की गतिविधियां अब खतरनाक स्तर तक पहुंचती नजर आ रही हैं। ताजा मामला सतना जिले से सामने आया है, जहां अज्ञात साइबर ठगों ने जिले के कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर व्हाट्सएप पर फर्जी आईडी बनाकर ठगी का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, ठगों ने वियतनाम के एक मोबाइल नंबर से कलेक्टर के नाम और फोटो का इस्तेमाल करते हुए टीकमगढ़ निवासी मनोज को मैसेज भेजा। खुद को कलेक्टर बताते हुए ठगों ने उनसे तत्काल 50 हजार रुपए की मांग की। इसके लिए दिल्ली स्थित ओवरसीज बैंक के एक खाते का विवरण साझा किया गया और रकम तुरंत ट्रांसफर करने का दबाव बनाया गया।
संदेह होने पर मनोज ने ठग से सवाल किया कि कलेक्टर का मोबाइल नंबर क्यों बदल गया है। इस पर ठग ने बहाना बनाते हुए कहा कि उसका मोबाइल कार्यालय में छूट गया है, इसलिए दूसरे नंबर से संपर्क कर रहा है। जवाब से मनोज को और शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पैसे ट्रांसफर करने से इनकार कर दिया। उनकी सतर्कता से 50 हजार रुपए की ठगी होने से बच गई।
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस और साइबर सेल को जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिला जनसंपर्क अधिकारी के माध्यम से आम नागरिकों और शासकीय कर्मचारियों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी वरिष्ठ अधिकारी फोन या सोशल मीडिया के माध्यम से किसी से पैसों की मांग नहीं करता। यदि किसी व्यक्ति को कलेक्टर या अन्य अधिकारियों के नाम से कॉल या मैसेज के जरिए पैसे मांगने का प्रयास किया जाए, तो वह तुरंत पुलिस या साइबर सेल को इसकी सूचना दे।
पुलिस अब फर्जी व्हाट्सएप आईडी और विदेशी नंबर के जरिए ठगी की कोशिश करने वाले आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Back to top button