उत्तर प्रदेश के कन्नौज में श्रद्धांजलि सभा – राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लक्ष्मी नारायण यादव को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

जबलपुर यश भारत.. उत्तर प्रदेश के कन्नौज में यादव परिवार के पूजनीय बुजुर्ग लक्ष्मी नारायण यादव (पिता शिव सिंह यादव) की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा भावपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, समर्थक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक वातावरण बना रहा।श्रद्धांजलि सभा में राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। अपने संक्षिप्त उद्बोधन में उन्होंने कहा कि स्व. यादव का जीवन सादगी, सामाजिक समर्पण और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक रहा। उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से अनेक लोग प्रेरित होते रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उपस्थित रहे। उन्होंने भी श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि स्व. लक्ष्मी नारायण यादव का व्यक्तित्व बेहद सरल और मिलनसार था। समाज में उनकी प्रतिष्ठा और सम्मान सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।सभा में वक्ताओं ने स्व. यादव के सामाजिक योगदान, पारिवारिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को याद करते हुए उनके जीवन पर प्रकाश डाला। उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।श्रद्धांजलि समारोह के अंत में परिवार की ओर से सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया।








