कटनीमध्य प्रदेश

कटनी निगम प्रशासन अलर्ट, पाइप लाइनों की जांच का कार्य शुरू

मटमेली जलापूर्ति की शिकायतों पर की जा रही त्वरित कार्रवाई

कटनी। यशभारत – दूषित पेयजल के कारण इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में हुई दुखद घटना को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा जनस्वास्थ्य को सर्वोपरि मानते हुए नागरिकों को स्वच्छ पेयजल की ही आपूर्ति सुनिश्चित कराने की दिशा में सार्थक प्रयास त्वरित गति से किए जा रहे है।
प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में जलप्रदाय शाखा के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की आवश्यक बैठक लेकर प्रतिदिन जलापूर्ति व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने तथा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं।

बड़े पैमाने पर कार्य शुरू

नगर निगम की जल प्रदाय शाखा पूरी तरह सक्रिय होकर बड़े पैमाने पर नगर के सभी वार्डों में पाइप लाइनों के निरीक्षण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस दौरान कही भी कमियां पाए जाने पर तत्काल ही आवश्यक सुधार का कार्य किया जा रहा है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है, जहां पर सीवर कार्य के दौरान गंदे पानी या पाइप लाइन लीकेज की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि शुद्ध पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

वाटर सैंपलिंग हेतु 25 नमूने किए गए एकत्रित

स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को दृष्टिगत रखते हुए जल विभाग द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों से पेयजल के सैंपल लेना शुरू कर दिया है। जिसके तहत शनिवार को विभिन्न वार्डों से पानी के 25 सेंपल लिए जाकर उनको जांच की गई। जांच उपरांत लिए गए पानी के नमूनों की गुणवत्ता मानक अनुरूप पाई गई। इसके अलावा पेयजल सप्लाई दूषित होने संबंधी शिकायतों पर भी तत्काल कार्यवाही की जाकर आवश्यक सुधार उपरांत पेयजल की शुद्धता की जांच की जाकर शुद्ध पेयजल आपूर्ति का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। जल प्रदाय शाखा की टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर हैं ताकि जनसामान्य को शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

हेल्पलाइन नंबर जारी

नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 9351136230
जारी किया गया है। नागरिक गण फिल्टर प्लांट स्थित कार्यालय के इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर पेयजल संबंधी शिकायतों का शीघ्रता से निराकरण करा सकते है।

नागरिकों से आग्रह

निगम प्रशासन ने बताया कि आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। जल विभाग की टीमें हर क्षेत्र में सक्रिय हैं। नागरिकों से यदि कहीं लीकेज या गंदे पानी की समस्या दिखने पर तुरंत निगम के हेल्पलाइन पर सूचित करने की अपील भी की गई है, ताकि समय रहते आवश्यक सुधार किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button