जबलपुरमध्य प्रदेश

ऑनलाइन गुरु माता का आशीर्वाद… और खाते से उड़ गया लाखों का प्रसाद ,भरोसा किया तो 2 लाख की लग गई चपत

जबलपुर यश भारत। शहर में अंधविश्वास और सोशल मीडिया के खतरनाक मेल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। “गुरु माता” के नाम पर समस्या समाधान का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक महिला से 1 लाख 97 हजार 390 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। मामले में मदनमहल थाना पुलिस के उप निरीक्षक व बस स्टैंड चौकी प्रभारी जगन्नाथ यादव ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम रील से शुरू हुआ ठगी का खेल

मदनमहल थाना क्षेत्र की निवासी यामिनी नागरिया (32) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 7 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक रील देखी थी। उसी दौरान निशा दयाल नाम की महिला ने उनसे संपर्क किया और बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ।

‘गुरु माता’ बताएंगी हर समस्या का समाधान

आरोपी महिला ने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि जयपुर की एक “गुरु माता” उनके घर और जीवन की सभी समस्याओं का समाधान कर सकती हैं। शुरुआत में पूजा-पाठ के नाम पर 2000 रुपये मांगे गए। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसों की मांग की जाने लगी

क्यूआर कोड भेजकर कराए कई ट्रांजेक्शन

आरोपियों ने पीड़िता को कई बार क्यूआर कोड भेजे और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवाए। 7 जनवरी से 12 फरवरी 2026 के बीच अलग-अलग किश्तों में पैसे ट्रांसफर कराए गए। इस तरह ठगों ने कुल 1,97,390 रुपये की रकम हड़प ली।

साइबर सेल जांच के बाद दर्ज हुआ मामला

शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच साइबर सेल जबलपुर ने की। जांच में ठगी की पुष्टि होने पर मदनमहल थाना पुलिस के उप निरीक्षक व बस स्टैंड चौकी प्रभारीजगन्नाथ यादव ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

ऐसे पहचानें साइबर ठगी (सावधानी बॉक्स)

सोशल मीडिया पर अंजान लोगों की बातों में आकर पैसे ट्रांसफर न करें।

किसी भी क्यूआर कोड या संदिग्ध लिंक को स्कैन करने से पहले जांच जरूर करें।

पूजा-पाठ, लॉटरी या समस्या समाधान के नाम पर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहें।

ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button