जबलपुरमध्य प्रदेश

एटीएम कैश वैन ड्राइवर ने तनाव में दी जान: हादसे के बाद कंपनी की प्रताड़ना और जेल भेजने की धमकी का आरोप

जबलपुर: शहर में एटीएम मशीनों में कैश लोड करने वाली हिटेजी (हिटाची) कंपनी के एक 35 वर्षीय वाहन चालक, शिवा प्रजापति ने मानसिक तनाव के चलते जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बेलखाड़ू निवासी शिवा पिछले कुछ दिनों से एक सड़क हादसे को लेकर काफी परेशान था। दरअसल, 3 मार्च की रात बलदेवबाग क्षेत्र में उसकी खड़ी गाड़ी से टकराकर एक बाइक सवार की मौत हो गई थी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था। परिजनों का आरोप है कि इस कानूनी संकट के समय जब शिवा ने कंपनी से मदद मांगी, तो अधिकारियों ने आर्थिक सहायता देने से साफ इनकार कर दिया और उसे धमकाया कि यदि उसने नौकरी छोड़ी तो उसे 6 महीने जेल में रहना पड़ेगा। इसी डर और प्रताड़ना के कारण शिवा ने सोमवार रात अपने गांव में जहर खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद घटना ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब मृतक के परिजनों ने शव के साथ हिटेजी कंपनी के कार्यालय पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। परिजनों और दोस्तों का कहना है कि कंपनी के सुपरवाइजर संतोष और अन्य अधिकारियों के दबाव के कारण ही शिवा ने यह आत्मघाती कदम उठाया। प्रदर्शन के दौरान कंपनी के कार्यालय पर ताला लटका मिला और सभी जिम्मेदार अधिकारी मौके से नदारद थे। शिवा अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों (7 और 4 साल) को छोड़ गया है, जिसका पूरा भार उसी के कंधों पर था। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को शांत कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रताड़ना के आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button