
मध्यप्रदेश में साेमवार काे दिलदहलाने वाली घटना सामने आई। यहां नालाझिरी गांव में एक दिन की बच्ची झाड़ियों के बीच कांटों में उलझी हुई मिली। बच्ची को राेता सुन जब लोग वहां पहुंचे तो उनके रांगटे खड़े हो गए। बच्ची के शरीर पर कांटे चुभे हुए थे। पुलिस ने कांटे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत ठीक है।
मामला राजगढ़ जिले के सुठालिया थाने का है। थाना प्रभारी रामकुमार रधुवंशी ने बताया कि 11 बजे उनके पास एक कॉल आया। फाेन करने वाले ने कहा – कोई व्यक्ति नालाझिरी गांव में झाड़ियों के बीच बच्ची को फेंक गया है। बच्ची कांटों के बीच पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही रघुवंशी ने एसआई अरुंधति, महिला कांस्टेबल इतिश्री और कांस्टेबल सतीश त्यागी को तत्काल मौके पर भेजा।
बच्ची को झाड़ियों में देख एसआई ने तत्काल उसे एक पकड़े में उठा लिया। जैसे ही उन्होंने उसे हाथ में लिया, वह जोर-जाेर से रोने लगी। उन्हाेंने पीछे देखा देखा तो शरीर में कई कांटे चुभे नजर आए। उन्होंने कांटे निकालकर तत्काल एंबुलेंस की मदद से सुठालिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने यहां तत्काल बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बच्ची ठीक है, उसे देखरेख में रखा गया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।