मध्य प्रदेशराज्य

उपमुख्यमंत्री ने की सोनू सूद की तारीफ : कहा – कोरोना काल में उनके द्वारा की गई आमजन की मदद को भुलाया नहीं जा सकता 

Table of Contents

रीवाl उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मानवता के लिए सोनू सूद द्वारा किया गया कार्य भुलाया नहीं जा सकता है। कोरोना काल में सोनू सूद ने हजारों-हजारों लोगों को मदद की। उन्होंने रीवा के लोगों को उनके घर पहुंचाने का कार्य किया। हमें सोनू सूद द्वारा किये गये कार्यों पर गर्व है। 

 राजकपूर की 101वीं जयंती पर कृष्णाराजकपूर आडिटोरियम में तीन दिवसीय रेवा फिल्म फेस्टो-2025 के समापन अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने अभिनेता सोनू सूद का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रीवा के लोग रिश्ता बनाना ही नहीं रिश्ता निभाना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि कोविड काल में जब रीवा, सीधी, मऊगंज एवं हनुमना के बड़ी संख्या में लोग मुंबई में फंस गये थे और जीवन मरण के लिये संघर्ष करते रहे थे तब मैंने एक ट्वीट किया था और सोनू सूद ने तीन बसों की व्यवस्था कर लोगों को उनके घर तक पहुंचाने का कार्य किया। सोनू सूद द्वारा किये गये कार्य प्रशंसनीय हैं। उन्होंने हर मदद चाहने वाले लोगों की आगे बढ़कर मदद की इसी का परिणाम है कि आज सोनू सूद सभी के दिल में बसते हैं। सोनू सूद जी की लोकप्रियता इतनी है कि हजारों-हजारों की संख्या में लोग आडिटोरियम के अंदर तथा बाहर खड़े हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डेज सोसायटी द्वारा राजकपूर जी की जयंती पर किया गया आयोजन अविस्मणीय रहेगा। राजकपूर आडिटोरियम कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थल बन गया है जहां कलाकार आत्मा भरने का कार्य कर रहे हैं। 

 इस अवसर पर अभिनेता सोनू सूद ने कहा कि लोगों की दुआओं से ही जिंदगी को रफ्तार मिलती है। उप मुख्यमंत्री जी द्वारा कोरोना काल में किये गये ट्वीट ने मुझे रीवा के लोगों को उनके घर तक पहुंचाने की प्रेरणा दी। रीवा वासी सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें उप मुख्यमंत्री जी जैसा विजनरी सोचवाला व्यक्ति मिला है। सोनू सूद ने कहा कि रीवा से मेरा दिल से संबंध जुड़ गया है और यह हमेशा हमेशा तक कायम रहेगा और मैं हर समय उपलब्ध रहूंगा। इस अवसर पर हॉलीबुड रसियन अभिनेत्री एलीना ने सोनू सूद की मानवता की प्रशंसा की तथा बताया कि राजकपूर जी रूस में बहुत ही लोकप्रिय हैं। कार्यक्रम में रीवा की धरती से जुड़े अभिनेता अर्जुन द्विवेदी ने कहा कि आयोजन समिति बधाई की पात्र है जिन्होंने बहुत सारे कलाकारों को एक मंच पर इक्ट्ठा किया। इससे पूर्व कलाकारों एवं अतिथियों का स्वागत किया गया। तीन दिवसीय आयोजन में पूजा चोपड़ा, विन्ध्या तिवारी, पारूल भटनागर, स्नेहल आचार्य, मान्या सिंह, शांतनु शुक्ला, अविनाश सिंह परिवार तथा हास्य कलाकार रोहित प्यारे ने अपनी प्रतिभा के रंग बिखेरे। समापन अवसर पर विधायक दिव्यराज सिंह, विधायक नरेन्द्र प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी सहित हजारों की संख्या में स्थानीय लोग एवं युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button