
लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। यूपी के आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर BJP उलटफेर कर रही है। रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी सपा प्रत्याशी आसिम राजा से 42 हजार से भी अधिक वोटों से जीत हासिल की है। वहीं, इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के मुताबिक, भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ 10,649 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि सपा के धर्मेंद्र यादव दूसरे नंबर हैं।
पंजाब के संगरूर में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान ने 5,822 वोटों से जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह दूसरे नंबर पर रहे, जबकि कांग्रेस के दलवीर गोल्डी तीसरे नंबर पर पर रहे। यहां पर अकाली दल और BJP के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।
विधानसभा की भी 7 सीटों में से 6 के नतीजे आ चुके हैं। इन सीटों पर 23 जून को वोटिंग हुई थी। इसमें दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट पर आप ने जीत हासिल की है। वहीं, त्रिपुरा की 4 में से 3 सीटों पर भाजपा और 1 सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। आंध्र प्रदेश की आत्मकुर सीट पर YSR कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। झारखंड की मांडर सीट पर कांग्रेस आगे चल रही है।