कटनी

उड़ीसा से कटनी-पन्ना तक हो रही गांजा की तस्करी, पांच आरोपियों को पकड़ा पुलिस ने, 17 किलो 720 ग्राम गांजा बरामद

कटनी/पन्ना, यशभारत। अवैध मादक पदार्थ की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पन्ना जिले की पवई और देवेन्द्रनगर थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उड़ीसा से गांजा लेकर आए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 17 किलो 720 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 03 लाख 50 हजार रूपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पन्ना एसपी निवेदिता नायडू के निर्देशन एवं एएसपी वन्दना चौहान के मार्गदर्शन में पवई एवं देवेन्दनगर पुलिस ने की है। पवई थाना प्रभारी सुशील अहिरवार को मुखबिरों से सूचना प्राप्त हुई कि 2 संदिग्ध व्यक्ति पवई बायपास पर नये अस्पताल के पास बोरियां लेकर खड़े है। बोरियों में उडिय़ा भाषा में कुछ लिखा है। उसमे स्टील के पाइप है, जिसमे अवैध मादक पदार्थ गांजा होने की संभावना है। सूचना एसडीओपी पवई भावना दांगी के मार्गदर्शन पर पुलिस टीम गठित कर कटनी मार्ग पर पवई बायपास के पास दबिश दी गई। पुलिस ने यहां पहुंचकर रामगोपाल पटेल पिता जगन पटेल निवासी झमटुली थाना बमीठा जिला छतरपुर एवं महेन्द्र पटेल पिता काशीराम पटेल निवासी पठारी थाना बिजावर जिला छतरपुर को हिरासत में लिया और बोरियों की तलाशी लिये जाने पर बोरियों मे रखे स्टील के पाइप को खुलवाकर देखा तो उसमे अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। जिसका वजन 8 किलो एवं कीमत 1 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा उड़ीसा से सस्ते दामों में पन्ना एवं आसपास के जिलो मे विक्रय के लिए लाया गया था।
देवेन्द्रनगर पुलिस ने भी की कार्रवाई
इसी तरह एक अन्य मामले में देवेन्द्रनगर पुलिस ने भी अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी रोकने में सफलता अर्जित की है। देवेन्द्रनगर थाना प्रभारी संतोष यादव को मुखविरों से सूचना मिली तीन युवक पन्ना जाने वाली बस के इंतजार में सतना बस स्टैण्ड क्षेत्र में खड़े हैं, जिनके पास बैग एवं थैला है तथा उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ है। जिस पर पुलिस टीम का गठन कर पन्ना-सतना मुख्य मार्ग स्थित सुन्दरा तिराहा पर संदिग्ध बस वाहन को रोककर तीनों संदेहियों को बस से उतारकर तलाशी ली गई। तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 9 किलो 720 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये है। आरोपियों ब्रजेश निषाद पिता अंगद निषाद निवासी सेमरी पोस्ट बम्हौरी थाना धाता जिला फतेहपुरद्व पवन पटेल पिता शोभन पटेल निवासी ग्राम पुतरयान थाना बमीठा जिला छतरपुर एवं भुमन पटेल पिता छिददी पटेल निवासी ग्राम पुतरयान थाना बमीठा जिला छतरपुर को गिरफ्तार करते हुए धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
दो महीने में 7 मामले
पन्ना पुलिस द्वारा विगत 2 माह में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के मामले में 7 प्रकरण कायम कर 15 आरोपियो को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 क्विंटल 95 किलो 676 ग्राम गांजा बरामद कियार गया है, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। कार्यवाही में थाना प्रभारी पवई सुशील अहिरवार, थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर संतोष यादव, चौकी प्रभारी ककरहटी सोनम शर्मा, एसआई सरिता तिवारी, एएसआई आनन्द मोहन मिश्रा, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिहं, राजीव मिश्रा, हरिराम वर्मा, सतेन्द्र बागरी, नागेद्र मांझी, आरक्षक रोहित, भूरी, सुशील कोल, भागीरथ, प्रेम प्रजापती, प्रेम अहिरवार, अंकित एवं पुलिस सायबर सेल टीम पन्ना का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button