इमरती तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए हटाए गए अनेक अतिक्रमण नगर निगम की टीम ने तालाब किनारे जमे दर्जनों अतिक्रमण को सख्ती से हटाया

जबलपुर| शहर के तालाबों के संरक्षण के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा विशेष पहल करते हुए तालाबों का सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन का कार्य कराया जा रहा है। गढ़ा के इमरती तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए आज अनेक अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर निगम मुख्यालय एवं संभाग क्रमांक 1 एवं 2 की विशेष टीमों के द्वारा तालाब के आसपास जमे अवैध कब्जों एवं अतिक्रमणों को सख्ती के साथ हटाया गया। इस दौरान नागरिकों को समझाइश दी गई कि तालाबों के संरक्षण के लिए अतिक्रमणों को हटाया जाना आवश्यक है। कार्यवाही के दौरान नागरिकों ने भी सहयोग देते हुए नगर निगम प्रशासन की कार्यवाही की प्रशंसा की। निगमायुक्त श्री आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने अवकाश के दिन भी आज इमरती तालाब के आसपास पहुंच कर अवैध कब्जों को हटाने की कार्यवाही की। निगमायुक्त श्री आशीष वशिष्ठ ने बताया कि तालाबों के संरक्षण के लिए नगर निगम द्वारा विशेष पहल की जा रही है। उन्होंने कहा है कि शीघ्र ही शहर के अन्य तालाबों का सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन का कार्य प्रारंभ होगा। उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासक श्री बी चंद्रशेखर, कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी एवं निगमायुक्त श्री आशीष वशिष्ठ के मार्गदर्शन में शहर के तालाबों का उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया है। निगमायुक्त ने बताया कि इमरती तालाब शहर का ऐतिहासिक एवं प्राचीन तालाब है यहां आस-पास वर्षों से अतिक्रमण एवं अवैध कब्जे जमे है जिन्हें हटाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई एवं निगमायुक्त श्री आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। निगमायुक्त श्री आशीष वशिष्ठ ने बताया कि आने वाले दिनों में तालाब को आकर्षक एवं मनमोहक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। आज की कार्यवाही में नोडल अधिकारी अंकिता जैन, संभागीय अधिकारी कृष्णकांत रावत, दिनेश प्रताप सिंह, भवन विभाग के उपयंत्री, स्वास्थ्य निरीक्षक, हर्षा पटेल, प्रीतेश मसडोकर, अशीष पाटकर, समयपाल एवं सुपरवाइजर उपस्थित थे।