अमर रहे गणतंत्र हमारा…चहुंओर बिखरा गणतंत्र का उल्लास, कलेक्टर आशीष तिवारी ने किया ध्वजारोहण, पुलिस लाइन ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन

कटनी, यशभारत। गणतंत्र दिवस की 77वीं सालगिरह आज 26 जनवरी को पूरे जिले में अपार उत्साह और हर्षोल्लास के बीच मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउण्ड, झिंझरी में आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुबह ठीक 9 बजे ध्वजारोहण करते हुए परेड की सलामी ली। इसके पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। ध्वजारोहण उपरांत कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के साथ खुली जीप पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया एवं सलामी ली। इसके उपरांत हर्ष फायर किया गया व राष्ट्रगान का गायन किया गया।
कलेक्टर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेश की जनता के नाम संबोधित संदेश का वाचन किया। समारोह के अगले चरण में शानदार मार्च पास्ट का आयोजन किया गया, जिसमे जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी एवं अन्य टुकडिय़ों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। समारोह के दौरान देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। मार्च पास्ट के बाद मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया एवं देश को आजाद कराने में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिवारजनों एवं मीसाबंदियों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों एवं शासकीय विभागों द्वारा बनाई गई मनमोहक झांकियों का शानदार प्रदर्शन किया गया। स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने एक से बढक़र एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया। अंतिम चरण में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमे परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकियों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य समारोह में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और नागरिकों की उपस्थिति रही।







