
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सभी सक्रिय मामलों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजने का फैसला हुआ है। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन की व्यवस्था और सुधारी जा रही है।
केजरीवाल ने कहा, ‘दिल्ली में 99% लोगों को पहली डोज दे दी गई है। 70% लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। जो लोग दोनों डोज लगवा चुके हैं, उन्हें बूस्टर डोज की जरूरत है। ओमिक्रोन से लड़ाई के लिए दिल्ली सरकार तैयार है। केंद्र सरकार से अपील है कि बूस्टर डोज की मंजूरी दी जाए।’
दिल्ली में केस और पॉजीटिविटी रेट 6 महीने में सबसे ज्यादा
दिल्ली में रविवार को 107 कोरोना केस दर्ज किए गए। यहां छह महीने में पहली बार एक दिन में सबसे ज्यादा केस मिले हैं। इससे पहले दिल्ली में 25 जून को 115 केस दर्ज किए गए थे, जो एक दिन में सबसे ज्यादा थे। दिल्ली में रविवार को टेस्ट पॉजिटिविटी रेट भी 0.17% रहा, जो छह महीने में सबसे ज्यादा है। नवंबर के अंत तक दिल्ली में रोजाना करीब 30-40 मामले दर्ज हो रहे थे। हालांकि, पिछले एक हफ्ते में यहां केस और पॉजिटिविटी रेट दोनों बढ़ रहा है।