अतिक्रमण कार्रवाई के बीच दुकानदार को पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल में मौत; बरगी थाने में शव रखकर प्रदर्शन

जबलपुर यश भारत। बरगी क्षेत्र में मंगलवार शाम अतिक्रमण हटाने की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। 40 वर्षीय मिंकू अग्रवाल (निवासी निगरी) को मौके पर तबीयत बिगड़ने के बाद अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव की स्थिति बन गई।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार बरगी पटेल तिराहा पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। मौके पर चार जेसीबी मशीनें लगाकर दुकानों को हटाया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकानदार प्रशासन से गुहार लगाते रहे, लेकिन कार्रवाई जारी रही। इसी दौरान मिंकू अग्रवाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
अस्पताल में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान तनाव और सदमे की स्थिति बनी हुई थी।मौत की खबर मिलते ही प्रशासन ने मौके पर चल रही कार्रवाई रोक दी और जेसीबी मशीनों को हटाया गया।
थाने में शव रखकर प्रदर्शन
दुकानदार की मौत की सूचना मिलते ही परिजन, व्यापारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में बरगी थाने पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दुकानों को तोड़ा, जिससे तनाव की स्थिति बनी और यह दुखद घटना हुई। मामले में कार्रवाई की मांग की जा रही है।
भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद बरगी क्षेत्र में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया जा रहा है।फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।







