मध्य प्रदेशराज्य

अंधविश्वास का कहर: पूजा-पाठ के बहाने दो की हत्या, आरोपी गिरफ्तार… क्षेत्र में हडकंप

Table of Contents

 सिंगरौली,सतना lप्रदेश के सिंगरौली जिले से अंधविश्वास से जुड़ी एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जियावन थाना क्षेत्र के कुंदवार चौकी अंतर्गत अतरवा गांव में पूजा-पाठ के बहाने बुलाकर दो लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने आए दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी छत्रपति सिंह ने अपने ही पड़ोसियों को घर बुलाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में फूल कुमारी सिंह, उम्र करीब 50 वर्ष, और कमला सिंह, उम्र करीब 65 वर्ष, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना गुरुवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। जब सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मौके से पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री बरामद होने के बाद पुलिस इसे जादू-टोने और अंधविश्वास से जुड़ा मामला मान रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और पत्नी के मिसकैरेज के बाद देवी-देवताओं के नाराज होने की बातें कर रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे गांव को घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

एसडीओपी गायत्री तिवारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

सिंगरौली की यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि अंधविश्वास आज भी समाज में जानलेवा रूप ले रहा है, जहां तंत्र-मंत्र और भ्रम के चलते इंसानों की जान तक चली जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button