बरही के हीरापुर में बाघ होने की फैली खबर, हरकत में आया वन अमला, खेतों में चला सर्चिंग आपरेशन, बाघ का नही तेंदुआ का मिला पगमार्क


कटनी/बरही, यश भारत। सोमवार की दोपहर वन विभाग बरही के रेंजर गोविन्द नारायण शुक्ला के पास खबर पहुंची कि बरही नगर के वार्ड क्रमांक 15 हीरापुर स्थित रहमत अली के खेत में बाघ घुसा है। फिर क्या था वन अमला बिना वक्त गवाएं सक्रिय हो गया और मौके पर पहुँच गया, जहाँ धान के खेतों में चले आपरेशन सर्च अभियान में बाघ तो कही नजर नही आया, लेकिन तेंदुआ के पगमार्क खेत के मेड़ में कई जगह दिखे।
इस पूरे घटनाक्रम के बारे में रेंजर गोविन्द नारायण शुक्ला ने बताया की बाघ के दस्तक होने कि सूचना मिली थी, सर्चिंग के दौरान खेतों में तेंदुआ के पगमार्क मिले है, यहां किसानों को सतर्क रहने, खेतों से फिलहाल दूरी बनाए रखने का आगाह किया गया है। डिप्टी रेंजर पंकज द्विवेदी ने बताया की पिछले 3 दिनों से इस इलाके में तेंदुआ की दस्तक है, रविवार को कनोर गाँव में कुछ बछड़े जख़्मी हुए है, ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गईं है। क्षेत्र में तेंदुआ के होने की खबर से ग्रामीण दहशत में है।







