यासीन मछली ने गुर्गों के साथ मिलकर छात्र को अगवा कर चलती कार में मारपीट कर पैसा लूटा -आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज

यासीन मछली ने गुर्गों के साथ मिलकर छात्र को अगवा कर चलती कार में मारपीट कर पैसा लूटा
-आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
कोहेफिजा थाना पुलिस ने एमडी ड्रग की तस्करी के मामले में गिरफ्तार ड्रग तस्कर यासीन अहमद उर्फ मछली और उसके गुर्गो के खिलाफ अपहरण, लूट और मारपीट का केस दर्ज किया है। आरोपियों ने एक कॉलेज छात्र को चाकू अड़ाकर स्कार्पियो कार से अपहरण कर उसके साथ चलती कार में जमकर मारपीट की थी और उसके पास रखे नगदी रूपए लूट लिए थे। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसे पिस्टल दिखाकर डराया-धमका था। अब पुलिस आरोपी यासीन के फरार गर्गों की तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी केजी शुक्ला के मुताबिक कोहेफिजा निवासी रजी खान पुत्र नफीस खान कॉलेज छात्र है। उसने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर यासीन कुछ युवतियों को परेशान किया करता था। इसलिए उसे युवतियों ने अपने-अपने इंस्टाग्राम आईडी पर ब्लॉक कर दिया था। यासीन को शक था कि उसके कहने पर युवतियों ने उसे ब्लॉक किया है। इसी बात को लेकर यासीन ने अपने साथी अजय और फारूख के साथ मिलकर 24-25 जून की रात रजी के पास पहुंचा और चाकू नोक पर उसे अपनी स्कारर्पियो कार क्रमांक एमपी 04 जेडएल 0999 में जबरन बैठाकर बंधक बना लिया। इतना ही आरोपी रातभर रजी खान को पूरे शहर में घुमाते रहे और चलती कार में उसके साथ जमकर मारपीट करते रहे। इस दौरान आरोपियों ने उसे पिस्टल अड़ाकर डाराया-धमकाया और उसके पास रखे नगदी रूपए लूट लिए थे। आरोपियों ने उसे घटना के बारे में पुलिस में शिकायत करने पर हत्या करने की धमकी दी थी। आरोपियों की दहशत में युवक उनके खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया था। लेकिन क्राइम ब्रांच पुलिस ने जब आरोपी यासीन और उसके साथियों को एमडी ड्रग की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया तब जाकर रजी खान ने हिम्मत जुटाई और थाने पहुंच कर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई थी। जिस पर कोहेफिजा पुलिस ने आरोपी यासीन और उसके साथी अजय व फारूख के खिलाफ अपहरण, लूट और मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी यासीन मछली फिलहाल क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में है। अब पुलिस उसके फरार गुर्गों अजय और फारूख की तलाश कर रही है।






