यशभारत एक्सक्लूजिव : पुरुष कर्मचारियों पर था शराब पीने का संदेह, डिस्पेच सुपरवाइजरी अधिकारी ने महिला कर्मचारी से सुंघवाया सभी का मुंह

यशभारत एक्सक्लूजिव : पुरुष कर्मचारियों पर था शराब पीने का संदेह, डिस्पेच सुपरवाइजरी अधिकारी ने महिला कर्मचारी से सुंघवाया सभी का मुंह
– स्टेट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर डायल 100 का घटनाक्रम सीसीटीवी में हुआ रिकार्ड
– एसपी के प्रतिवेदन पर डिस्पेच सुपरवाइजरी प्रभारी (निरीक्षक स्तर) राजेश त्रिपाठी सस्पेंड
आशीष दीक्षित भोपाल। देशभक्ति जनसेवा का सूत्रवाक्य आत्मसात करने वाला पुलिस महकमा लोगों की जान माल की सुरक्षा के लिए दिन रात एक किए हुए हैं, लेकिन महकमे के ही आला अधिकारी जनसेवा के इस सूत्रवाक्य की छवि धूमिल करने पर उतर आए हैं। एक ऐसे ही मामले ने महकमे की साख पर बट्टा लगा दिया है। मामला राजधानी स्थित स्टेट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर डायल 100 भोपाल से जुड़ा हुआ है। दरअसल राजधानी भोपाल के भदभदा इलाके में स्थित स्टेट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर भोपाल में पदस्थ डिस्पेच सुपरवाइजरी प्रभारी (निरीक्षक स्तर) राजेश त्रिपाठी ने एक महिला कर्मचारी के साथ ऐसा बर्ताव किया जिसने पूरे कमांड सेंटर की कार्यप्रणाली पर ही सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
यहां तैनात कुछ कर्मचारियों पर शराब पीने का संदेह होने पर निरीक्षक ने महिला कर्मचारी को पुरुष कर्मचारियों का मुंह सूंघने की जिम्मेदारी दे दी। वरिष्ठ अधिकारी के आदेश का पालन करते हुए महिला कर्मचारी को पुरुष कर्मचारियों का मुंह सूंघना पड़ा। कमांड सेंटर के डिस्पेचर रूम के पास लाइन में खड़ा कर एक-एक कर पुरुष कर्मचारियों को बुलाया गया और महिला कर्मचारी के पास खड़ा कर मुंह सुंघवाया गया।
सहम गईं सभी महिला कर्मचारी
वरिष्ठ अधिकारी के आदेश का पालन करते हुए महिला कर्मचारी को पुरुष कर्मचारियों का मुंह सूंघना पड़ा। घटनाक्रम को देख वहां मौजूद अन्य महिला कर्मचारी बुरी तरह सहम गई थीं। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक यह पूरा वाक्या वहां मौजूद कर्मचारियों की आंख के सामने चलता रहा। वरिष्ठ अधिकारी के आदेश पर पुरुष कर्मचारियों के मुंह सूंघने पर मजबूर महिला कर्मचारी भी कुछ ना बोल सकी।
वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई जानकारी
पुरुष कर्मचारियों के मुंह सूंंघने की कार्रवाई के बाद जब डिस्पेच सुपरवाइजरी अधिकारी प्रभारी त्रिपाठी वहां से निकल गए। उनके जाने के बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी कमांड सेंटर के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को मिली। महिला कर्मचारी ने घबराते हुए पूरी बात बताई। वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद पूरे मामले की जांच की गई। जिसमें यह सिद्ध हुआ कि त्रिपाठी ने महिला कर्मचारी से पुरुष कर्मचारियों के मुंह सुंघवाए थे।
एसपी के प्रतिवेदन पर हुई कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद स्टेट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में हडक़ंप मच गया। एसपी नीतू ठाकुर ने भी उक्त महिला कर्मचारी से चर्चा कर घटना की जानकारी ली। जिसके बाद एसपी ने प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारी को भेजा। बुधवार को डिस्पेच सुपरवाइजरी अधिकारी राजेश त्रिपाठी को सस्पेंड करते हुए मुख्यालय में अटैच कर दिया गया।
सीसीटीवी में रिकार्ड हुआ पूरा घटनाक्रम
– पुरुष कर्मचारियों के मुंह सूंघने का पूरा घटनाक्रम डिस्पेचर रूम के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हुआ है।
– कैमरे में स्पष्ट नजर आ रहा है कि एक त्रिपाठी पहले आकर खड़े होते हैं।
– त्रिपाठी वहां मौजूद कर्मचारियों से कुछ बोलते हैं और उसके बाद एक महिला कर्मचारी पीछे मुडक़र देखती है।
– जब त्रिपाठी वहां से हटते हैं तो उनके पीछे ही महिला कर्मचारी भी जाती नजर आ रही है।
– कुछ सेकंड बाद ही डिस्पेचर रूम के पास महिला कर्मचारी के सामने पुरुष कर्मचारियों को लाया जाता है। इसके बाद एक एक कर मुंह सुंघाया जाता है।
आखिर किसने दिया यह अधिकार
सूत्रों के मुताबिक स्टेट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पर एक कंपनी से अनुबंध के तहत महिला कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है। जो कमांड सेंटर का काम पूरी इमानदारी और निष्ठा के साथ संभालती हैं। कमांड सेंटर में जो पुरुष कर्मचारी तैनात हैं वे पुलिस महकमे के ही पुलिस कर्मी हैं और अलग अलग पद के हैं। पुरुष कर्मचारियों के द्वारा ड्यूटी पर शराब पीकर आने संदेह होने पर महिला कर्मचारी से उनका मुंह सुंघवाने का अधिकार उक्त अधिकारी को किसने दे दिया। यह एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब महकमे के आला अधिकारियों के पास भी नहीं है।
मेरे खिलाफ साजिश रची गई है
मेरे खिलाफ साजिश रची गई है जिसका शिकार मैं हुआ हूं। मैने बस उनका सुंघवाया था ताकि शराब पीने वाले सामने आ सकें। ऑफिस में पहले भी कुछ पुरुष कर्मचारियों को पकड़ा गया था जो शराब पीकर आए थे। मैने अपना काम हमेशा ईमानदारी से किया है।
– राजेश त्रिपाठी, डिस्पेच सुपरवाइजरी अधिकारी, स्टेट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर भोपाल
सस्पेंड कर दिया गया है
काफी गंभीर मामला है जिसके सामने आने के बाद राजेश त्रिपाठी को सस्पेंड कर मुख्यालय में अटैच किया गया है। विभागीय स्तर पर जांच कराई जा रही है।
– नीतू ठाकुर, एसपी, डायल 100 स्टेट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर, भोपाल







