
महिला दिवस ,जेएनकेवीवी में महिलाओं के कृषि तकनीक की कार्यशाला
जबलपुर, यशभारत। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर में कृषि विस्तार प्रणाली (केवीके) के माध्यम से कृषि में कार्यरत महिलाओं के सशक्तिकरण की रणनीतियाँ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. पी. के. मिश्रा ने किया। कार्यशाला में कृषि एवं उद्यानिकी संकाय के अधिष्ठाता डॉ. वीरेन्द्र खरे, संचालक विस्तार सेवाएं टीआर शर्मा, कुलसचिव डॉ. एके जैन, अधिष्ठाता जयंत भट्ट, अधिष्ठाता उद्यानिकी संकाय डॉ. स्वाति बारछे, संचायक उद्यानिकी डॉ. नेहा पटेल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. अमित शर्मा, आईसीएआर अटारी जोन-9 के निदेशक, कृषि विज्ञान केंद्र जबलपुर की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. रश्मि शुक्ला, विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों, कृषि विज्ञान केंद्रों के विशेषज्ञों तथा अन्य प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।

कार्यशाला का उद्देश्य कृषि विस्तार प्रणाली के माध्यम से कृषि में कार्यरत महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रभावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना और अनुभव साझा करना था। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कृषि, कौशल विकास, उद्यमिता तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। इस दौरानकिसान सारथी वेब पोर्टल के माध्यम से किसानों, विशेष रूप से महिला किसानों तक वैज्ञानिक सलाह और कृषि संबंधी जानकारी को तेजी से पहुंचाने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कुलपति प्रो. पी. के. मिश्रा ने कहा कि कृषि क्षेत्र के समग्र विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और कृषि विज्ञान केंद्र ग्रामीण महिलाओं तक नई तकनीकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और नवाचारों को पहुंचाने में अहम योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम में महिला किसानों के सशक्तिकरण, कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा कृषि विस्तार सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अंत में प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।







