भोपालमध्य प्रदेश

एसआई के खिलाफ सड़क पर उतरीं महिलाएं, जमकर हुआ हंगामा

एसआई के खिलाफ सड़क पर उतरीं महिलाएं, जमकर हुआ हंगामा

​भोपाल,यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना अंतर्गत ईदगाह हिल्स पुलिस चौकी पर सोमवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब सैकड़ों रहवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने उप-निरीक्षक (एसआई) महादेव परिहार पर अवैध वसूली और फरियादी के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने सड़क पर बैठकर भजन गाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

​फरियादी को ही बना दिया अपराधी
​मामले की जानकारी देते हुए भाजपा गुरुनानक मंडल के अध्यक्ष राकेश कुकरेजा ने बताया कि एसआई महादेव परिहार लंबे समय से क्षेत्र के निर्दोष लोगों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली (अड़ीबाजी) कर रहा है। ताजा विवाद तब बढ़ा जब संजय राठौर नामक व्यक्ति किसी मामले की शिकायत लेकर थाने पहुँचा था। आरोप है कि एसआई परिहार ने न्याय देने के बजाय फरियादी संजय के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, पुलिस ने उल्टा फरियादी पर ही धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उसे अपराधी बना दिया।

​सड़क पर भजन और नारेबाजी
​घटना से आक्रोशित क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में ईदगाह हिल्स पुलिस चौकी पहुँचे और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाराज महिलाओं ने बीच सड़क पर बैठकर भजन गाए और एसआई के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

​डीसीपी को सौंपा ज्ञापन, बर्खास्तगी की मांग
​भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश कुकरेजा ने कहा, एसआई परिहार बिना किसी कारण के लोगों को थाने लाकर उन पर दबाव बनाता है और पैसों की मांग करता है। हमने इस मामले में डीसीपी को आवेदन देकर दोषी एसआई को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की है।

​फिलहाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन इस घटना ने भोपाल पुलिस की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button