पनागर में नहर किनारे मिली महिला की लाश, गले पर चोट के निशान से हत्या की आशंका
पुलिस जुटी जांच में

जबलपुर,यशभारत। पनागर क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नहर किनारे एक महिला की संदिग्ध अवस्था में लाश बरामद हुई। मृतका की पहचान सुलोचना बाई के रूप में हुई है, जो मूलतः कुंडम की रहने वाली थी और वर्तमान में पनागर के एक पोल्ट्री फार्म में काम करती थी। परिजनों के अनुसार, सुलोचना शनिवार को बाजार जाने का कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद से वह लापता थी। रविवार को उसकी लाश मिलने की खबर से हड़कंप मच गया।
घटनास्थल का मुआयना करने पर मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि महिला के गले पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। सूचना मिलते ही पनागर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला को अंतिम बार किसके साथ देखा गया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







