जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

पत्नी की दूसरी शादी से बौखलाया शख्स, पूर्व पत्नी के दूसरे पति का किया अपहरण,

पांच गिरफ्तार

उज्जैन: उज्जैन में एक हैरान करने वाला अपहरण का मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी पूर्व पत्नी की दूसरी शादी से नाराज होकर उसके वर्तमान पति का अपहरण कर लिया। महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराते ही उज्जैन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकेबंदी कर आरोपियों को धर दबोचा। आज सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

चिंतामन थाना प्रभारी हेमराज यादव के अनुसार, ज्योति नामक एक महिला अपने भांजे सुमित के साथ थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई कि दो कारों में सवार कुछ युवकों ने उसके पति रोहित का अपहरण कर लिया है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और अपहरणकर्ताओं की लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया। जांच में पता चला कि आरोपी रोहित को लेकर रतलाम की ओर जा रहे हैं।

पुलिस ने तत्काल प्रभाव से नाकेबंदी कर आरोपियों का पीछा किया और उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस ने अपहृत रोहित को आरोपियों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी विनोद कछावा है, जो ज्योति का पहला पति था। इसके अलावा, पुलिस ने लखन भूरिया, अतीक अब्बास, अमित चौहान और अजय राकवा को भी गिरफ्तार किया है।

पत्नी के साथ दर्शन करने गई थी ज्योति:

ज्योति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी पहले विनोद कछावा से हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवादों के कारण उनका तलाक हो गया था। इसके बाद ज्योति ने घोसला निवासी रोहित से दूसरी शादी कर ली थी। इस दूसरी शादी से विनोद बेहद नाराज था और उसने ज्योति पर नजर रखना शुरू कर दिया था। घटना वाली रात, ज्योति अपने पति रोहित और भांजे सुमित के साथ चिंतामन गणेश मंदिर दर्शन करने गई थी। जब वे रात में लौट रहे थे, तभी जवासिया ब्रिज के पास रोहित की बाइक के सामने दो कारें आकर रुकीं। रोहित के बाइक रोकने पर कारों से उतरे युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरदस्ती खींचकर कार में बैठा लिया और फरार हो गए।

पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के चलते इस अपहरण कांड का पर्दाफाश हुआ और अपहृत व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button