गोहलपुर जाम से कब मिलेगी राहत, मोतीनाला पुल चौड़ा करने की मांग तेज
विकास में पैसे की कमी नहीं, तो पुल क्यों नहीं बन पा रहा?

जबलपुर। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों को जोड़ने वाले गोहलपुर स्थित मोतीनाला पुल को चौड़ा करने की मांग शुक्रवार को फिर तेज हो गई। युवा कांग्रेस जबलपुर के कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और व्यापारियों ने मोतीनाला पुल पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुल का चौड़ीकरण अब बेहद जरूरी हो गया है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि मोतीनाला पुल के निर्माण का टेंडर पिछले पाँच से अधिक बार प्रकाशित हो चुका है, लेकिन कोई भी ठेकेदार इस काम को लेने तैयार नहीं हो रहा। नगर निगम में भुगतान संबंधी अव्यवस्थाओं के कारण ठेकेदार काम करने से कतराते हैं, जबकि महापौर कहते हैं कि विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं है। अगर पैसे की कमी नहीं है तो ढाई-तीन करोड़ की लागत वाला पुल अब तक क्यों नहीं बन पाया?
कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बताया कि मदन महल से दमोह नाका फ्लाईओवर बनने के बाद मोतीनाला पुल पर ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ गया है। पुल संकरा होने से जाम आम बात हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर चौड़ीकरण न किया गया तो गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। यह पुल नागरिकों की सुरक्षा, जान-माल और सुगम परिवहन— तीनों के लिए बड़ा खतरा बन चुका है।
सोनू कुकरेले ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुल के चौड़ीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो शहर युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को विवश होगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन से होने वाले नफा-नुकसान की पूरी जिम्मेदारी ट्रिपल इंजन सरकार की होगी।इस अवसर पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा , जय ठाकुर, अभियुक्त वाजपेई, रोहित नेमा, दिलीप साहू, अन्नू तिवारी, राज विश्वकर्मा, सौरभ यादव, नितिन सिंह, मोंटी वंशकार, गोल्डी ठाकुर, पप्पी सोनी, कारण ठाकुर, सचिन जैन, अभिनव वाजपेई, शिशांत सिंह ठाकुर, ऋषभ यादव, सचिन खटीक, शिवम हल्दकर, संदीप झिरने, विवेक रजक, सनी अधिकार, लालू विश्वकर्मा, रचित वर्मा आदि मौजूद रहे।







