भोपालमध्य प्रदेश

मंडीदीप में गहराया जल संकट, 26 वार्डों में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी भगवा पार्टी

मंडीदीप में गहराया जल संकट, 26 वार्डों में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी भगवा पार्टी

यश भारत  भोपाल। नगर पालिका क्षेत्र में इन दिनों पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। शहर में पानी की आपूर्ति अनियमित होने से रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका के करीब 180 बोरवेल से शहर में पानी की सप्लाई की जा रही है, लेकिन इनमें से लगभग 35 बोरवेल खराब पड़े हुए हैं। इसके कारण कई वार्डों में 5 से 8 दिन के अंतराल के बाद महज 30 मिनट के लिए ही पानी की आपूर्ति हो पा रही है। बढ़ती आबादी और पुरानी जल वितरण व्यवस्था के कारण समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। कई क्षेत्रों में लोगों को पानी के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है और टैंकरों पर निर्भरता बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर भगवा पार्टी ने शहर में व्यापक जनअभियान चलाने का निर्णय लिया है। पार्टी द्वारा मंडीदीप के सभी 26 वार्डों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से शहरवासियों का समर्थन जुटाकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें मंडीदीप के सभी वार्डों को नर्मदा जल योजना से जोड़ने की मांग की जाएगी। इस संबंध में शुक्रवार को भगवा पार्टी की जिला कार्यकारिणी की बैठक शीतल सिटी स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाकांत शुक्ल, प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार भार्गव, जिला अध्यक्ष रचना सिंह, नगर अध्यक्ष ब्रजेश सोनी सहित अन्य पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में जल संकट को प्रमुख मुद्दा बताते हुए जनआंदोलन चलाने की रणनीति बनाई गई।
जिला अध्यक्ष रचना सिंह ने कहा कि मंडीदीप में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। कई वार्डों में लोगों को सप्ताह में एक बार भी ठीक से पानी नहीं मिल पा रहा है। नगर की बढ़ती आबादी के हिसाब से मौजूदा जल व्यवस्था पूरी तरह नाकाफी है। उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी इस मुद्दे को जनहित का सबसे बड़ा सवाल मानते हुए सभी 26 वार्डों में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी और मुख्यमंत्री से मांग करेगी कि मंडीदीप को जल्द से जल्द नर्मदा जल योजना से जोड़ा जाए, ताकि शहरवासियों को स्थायी समाधान मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button