“युवा दिवस पर जबलपुर में गूंजा विवेकानंद का संदेश: हजारों विद्यार्थियों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार”
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा हुए शामिल

जबलपुर,यशभारत । युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद की जयंती पर जबलपुर के लज्जा शंकर झा मॉडल स्कूल में सामूहिक सूर्य नमस्कार का भव्य आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कई विधायक, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथियों एवं आमंत्रित अतिथियों का स्वागत किया गया। सुबह 9 बजे से सामूहिक सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम आरंभ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
सुबह 9:30 बजे आकाशवाणी के माध्यम से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’, स्वामी विवेकानंद के प्रेरक संदेश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन प्रसारित हुआ। इसके पश्चात सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य और योग के महत्व का संदेश दिया। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि युवा दिवस पर जिले की सभी शिक्षण संस्थाओं में भी सुबह 9 बजे से सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। पूरे जिले में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वामी विवेकानंद के विचारों को याद किया।







