जबलपुरमध्य प्रदेश

विवेचना का कला महोत्सव व राष्ट्रीय नाट्य समारोह 2 नवंबर से

मालगुडी डेज,मैकबेथ,श्रीमान चोर सहित अन्य नाटकों का होगा मंचन

जबलपुर,यशभारत। विवेचना थियेटर ग्रुप का 31 वां राष्ट्रीय नाट्य समारोह 5 नवंबर से 9 नवंबर 2025 तक आयोजित होगा। यह विवेचना संस्था का पचासवां साल है। इसलिए 2 नवंबर से 9 नवंबर तक विविध कलाओं के कार्यक्रम होंगे। इसे विवेचना कला महोत्सव का नाम दिया गया है। 2 नवंबर को स्व शरतचन्द्र तिवारी स्मृति व्याख्यान माला के अंतर्गत सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक अभिताभ पांडे का शाम 6.30 बजे व्याख्यान शहीद स्मारक प्रेक्षागृह में होगा। 3 नवंबर को शाम 7 बजे से तरंग प्रेक्षागृह में सुप्रसिद्ध जानकी बैंड का गायन वादन का कार्यक्रम होगा। 4 नवंबर को 7 बजे से तरंग प्रेक्षागृह में कथक प्रसंग के अंतर्गत शालिनी खरे व उनके समूह द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति होगी। 3 व 4 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र प्रयागराज द्वारा प्रायोजित होगा। कला महोत्सव में अवधेश बाजपेयी की पेन्टिंग प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण होगी। आयोजन स्थल में फोटोग्राफ प्रदर्शनी, पुस्तक प्रदर्शनी व मुक्ताकाशी मंच पर विविध कलाओं के कार्यक्रम होंगे।

02 3

मनोरंजक नाटकों का होगा मंचन

विवेचना के 31 वें राष्ट्रीय नाट्य समारोह में इस वर्ष 5 नवंबर को स्वतंत्र थियेटर, पुणे के द्वारा आर के नारायण की सुप्रसिद्ध कृति ’मालगुडी डेज़’ का नाट्य मंचन अभिजीत चौधरी के निर्देशन में किया जाएगा। 6 नवंबर को एमपीएसडी थियेटर लैब भोपाल द्वारा डारियो फो के नाटक ’श्रीमान चोर’ का मंचन इश्तियाक खान के निर्देशन में किया जाएगा। 7 नवंबर को पीरोज़ थियेटर दिल्ली द्वारा सईद आलम के निर्देशन में ’गालिब नई दिल्ली में’ नाटक का मंचन होगा। 8 नवंबर को दिनेश ठाकुर के नाटक ’आपस की बात’ का मंचन अंक मुम्बई द्वारा प्रीता माथुर के निर्देशन में किया जाएगा। अंतिम दिन 9 नवंबर को रैडनोज़ एन्टरटेन्मेंट और कारवां मुम्बई द्वारा शेक्सपियर के नाटक मैकबेथ के आधार पर रूपेश टिल्लू द्वारा तैयार फिजिकल कामेडी ’मैडबैथ’ का मंचन किया जाएगा। इस बार के नाट्य समारोह की विशेषता यह है कि ये सभी मनोरंजक नाटक हैं।

तरंग ऑडीटोरियम रामपुर में होगा नाट्य समारोह

विवेचना कला उत्सव व नाट्य समारोह तरंग ऑडीटोरियम रामपुर जबलपुर में आयोजित होगा। नाटक प्रतिदिन संध्या 7.30 बजे से होंगे। यह समारोह विवेचना और एम पी पावर मैनेजमेंट कं लि केन्द्रीय क्रीड़ा परिषद द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित है। समारोह के प्रवेश पत्र तरंग प्रेक्षागृह में संध्या समय उपलब्ध रहेंगे। इस वर्ष प्रवेश पत्र बुकमाईशो में भी उपलब्ध कराये गये हैं। विवेचना की ओर से हिमांशु राय, बांकेबिहारी ब्यौहार, अनिल श्रीवास्तव, मनु तिवारी, अजय धाबर्डे, बदरीश पांडे, विन्दू स्वामी, आदित्य रूसिया, दीपा सिंह ने दर्शकों से सभी कार्यक्रमों में उपस्थिति का आग्रह किया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button