प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत लेते ग्राम रोजगार सहायक रंगे हाथों गिरफ्तार
जबलपुर लोकायुक्त की कार्रवाई

सिवनी,यशभारत । पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत जबलपुर लोकायुक्त इकाई ने एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में ग्राम रोजगार सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक अब्दुल वाहब पिता मान्बुद खान, निवासी ग्राम साल्हे कोसमी, थाना बरघाट, जिला सिवनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी सबीना बी के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास सूची में सबसे पहले नाम जोड़ने तथा 1 लाख 50 हजार रुपये की आवास राशि का आवंटन शीघ्र कराने के लिए ग्राम रोजगार सहायक द्वारा 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद 22 जनवरी को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने ट्रैप योजना बनाई। निर्धारित योजना के अनुसार आरोपी ओमेंद्र कुमार पारधी पिता गन्नाथ पारधी, ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत साल्हे कोसमी, तहसील बरघाट, जिला सिवनी को उसके निज निवास पर 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। यह कार्रवाई ग्राम साल्हे कोसमी, बरघाट, जिला सिवनी में आरोपी के घर पर की गई। ट्रैप के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद की गई।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस ट्रैप कार्रवाई में दल प्रभारी डीएसपी नीतू त्रिपाठी, ट्रैपकर्ता शशि मर्सकोले, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर का दल शामिल रहा। लोकायुक्त पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







