उत्तराखंड: ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर कांवड़ियों से भरा ट्रक पलटा, एक कांवड़ यात्री की मौत, 14 घायल

टिहरी, उत्तराखंड,: आज सुबह ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर जाजल फकोट के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। कांवड़ियों से भरा एक ट्रक अचानक सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार 15 कांवड़ यात्री दब गए। इस हादसे में एक कांवड़ यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ये कांवड़ यात्री टिहरी से नरेंद्रनगर आ रहे थे और ऋषिकेश से जल लेकर गंगोत्री जा रहे थे। अचानक ट्रक के पलट जाने से अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया।घायलों को ट्रक के नीचे से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनमें से एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चार गंभीर रूप से घायल कांवड़ यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि कांवड़ यात्री ऋषिकेश से गंगोत्री जा रहे थे। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।







