मंत्री विजय शाह के बयान पर बवाल: भोपाल की सड़कों पर उतरीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस से तीखी झड़प

मंत्री विजय शाह के बयान पर बवाल: भोपाल की सड़कों पर उतरीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस से तीखी झड़प
बैरिकेड्स पर हुई धक्का-मुक्की, चूड़ियां और चप्पलें टूटीं; मंत्री के इस्तीफे और माफी की मांग पर अड़ी कांग्रेस
भोपाल, यशभारत। रतलाम में लाड़ली बहनों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. विजय शाह द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान की आग अब भोपाल तक पहुंच गई है। शुक्रवार को प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंत्री के बंगले का घेराव करने की कोशिश की। रेडक्रॉस चौराहे पर भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में एक महिला पदाधिकारी की चप्पलें और चूड़ियां तक टूट गईं।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि विजय शाह बार-बार महिलाओं का अपमान करते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कहा, 2013 में जब उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री की पत्नी का अपमान किया था, तब उन्हें पद से हटाया गया था। क्या अब देश की बेटियों और लाड़ली बहनों का सम्मान सरकार के लिए मायने नहीं रखता? लाड़ली बहना योजना का लाभ महिलाओं का अधिकार है, कोई घूस नहीं कि उन्हें कार्यक्रमों में आने के लिए मजबूर किया जाए।
चौराहे पर संग्राम, नंगे पैर किया प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझपटी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन और बैरिकेड्स का सहारा लिया। भोपाल की कांग्रेस पदाधिकारी रूपाली शर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस की सख्ती के कारण उनकी चूड़ियां और चप्पलें टूट गईं। इसके विरोध में उन्होंने पूरी रैली के दौरान नंगे पैर रहकर अपना आक्रोश दर्ज कराया। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पीसीसी कार्यालय के पास छोड़ दिया।
क्या था विवादित बयान?
विवाद की जड़ मंत्री विजय शाह का वह बयान है जो उन्होंने 14 दिसंबर को रतलाम में दिया था। उन्होंने कहा था कि जो लाड़ली बहनें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं आएंगी, उनके दस्तावेजों की जांच को ‘पेंडिंग’ रखा जा सकता है। साथ ही उन्होंने आने वाली महिलाओं को 250 अतिरिक्त देने का सुझाव भी दिया था, जिसे कांग्रेस ने महिलाओं को डराने और प्रलोभन देने वाली राजनीति करार दिया है।
कांग्रेस की चेतावनी
महिला कांग्रेस ने दो टूक कहा है कि जब तक मंत्री विजय शाह सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते या मुख्यमंत्री उन्हें कैबिनेट से बर्खास्त नहीं करते, पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन जारी रहेगा।







