दीवार से टकराई बेकाबू कार; चार युवक गंभीर रूप से घायल

दीवार से टकराई बेकाबू कार; चार युवक गंभीर रूप से घायल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के जेके रोड पर गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
100 की रफ्तार और मोड़ पर चूके
मिली जानकारी के अनुसार, कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी। जेके रोड पर एक मोड़ (लेफ्ट टर्न) पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार होने के कारण कार मुड़ने के बजाय सीधे सामने स्थित दीवार में जा घुसी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। कार बुरी तरह पिचक गई थी, जिसके कारण घायल अंदर ही फंस गए थे। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही नजर आ रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं चालक नशे की हालत में तो नहीं था। फिलहाल कार को क्रेन की मदद से रास्ते से हटाकर मामला दर्ज कर लिया गया है।







