रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर उमंग सिंघार का भाजपा पर हमला, बोले – महाकौशल कांग्रेस का अभेद्य किला

जबलपुर: मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर जबलपुर पहुंचे। वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सिंघार ने दावा किया कि महाकौशल क्षेत्र कांग्रेस और आदिवासियों का एक “अभेद किला” है, जिसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कभी ढहा नहीं सकती।
चुनाव में ही याद आते हैं आदिवासी और रानी दुर्गावती: उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा को आदिवासी समाज और रानी दुर्गावती की याद केवल चुनावों के दौरान ही आती है। उन्होंने कहा, “भाजपा उनके नाम पर सिर्फ वोट मांगती है, जबकि ज़मीन पर कुछ भी काम नहीं करती।” सिंघार ने भाजपा से सवाल किया कि उसने अब तक महाकौशल क्षेत्र के लिए क्या किया है, क्योंकि यहाँ की स्थिति “बद से बदतर” होती जा रही है। उन्होंने सरकार से आदिवासी क्षेत्रों में किए गए विकास और खर्च किए गए धन का हिसाब भी मांगा।
जल जीवन मिशन और उद्योगों पर उठाए सवाल: नेता प्रतिपक्ष ने आदिवासी अंचलों में जल जीवन मिशन की स्थिति को “बेहद खराब” बताया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि महाकौशल में उद्योग कब स्थापित होंगे। सिंघार ने दोहराया कि भाजपा ने कभी भी इस क्षेत्र के साथ न्याय नहीं किया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा सत्र में विपक्ष इन सभी मुद्दों पर सरकार को घेरेगा और जवाबदेही मांगेगा।







