अवैध पिस्टल के साथ दो युवक गिरफ्तार, पजेरो से घूमते मिले संदिग्ध
एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद

जबलपुर, यशभारत। बीती रात गढ़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक ब्लैक कलर की पजेरो गाड़ी में सवार दो संदिग्ध युवक मेडिकल क्षेत्र के आसपास घूम रहे हैं, जिनके पास अवैध हथियार होने की आशंका है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और पजेरो को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में सवार युवकों की पहचान शाहबाज खान एवं अभिषेक यादव, दोनों निवासी करेली, जिला नरसिंहपुर, के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मेडिकल कॉलेज में भर्ती किसी रिश्तेदार को देखने आए थे, हालांकि हथियार रखने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि पिस्टल कहां से लाई गई और आरोपी किस उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहे थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी शाहबाज खान के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।







