अड़ीबाजी कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

अड़ीबाजी कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अयोध्यानगर थाना क्षेत्र में सरेराह गुंडागर्दी और रंगदारी दिखाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस ने झील नगर इलाके के दो कुख्यात अड़ीबाज बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी क्षेत्र में आम जनता पर रौब जमाकर शराब के लिए पैसों की मांग करते थे और मना करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बीते 28 मार्च की है, जब राजीव नगर के मैदान में फरियादी शिवम बिछैले के साथ आरोपी आशीष यादव उर्फ बब्बी और विक्की उर्फ विकास धनमेरिया ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मारपीट की थी। आरोपी शिवम से शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहे थे। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घेराबंदी कर दबोचा, छुरी भी बरामद
वारदात के बाद से ही आरोपी फरार थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी राजीव नगर बी-सेक्टर के एक पार्क में छिपे हैं। पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर घेराबंदी की और आशीष यादव व विक्की को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी आशीष के पास से एक धारदार छुरी भी बरामद हुई, जिसके बाद उस पर आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
पुराने अपराधी हैं दोनों बदमाश
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। 20 वर्षीय आरोपी आशीष यादव पर थाना अयोध्यानगर में मारपीट, छेड़छाड़ और अवैध हथियार रखने के कुल 6 मामले दर्ज हैं। वहीं, 24 वर्षीय आरोपी विक्की उर्फ विकास पर पूर्व में 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।







