राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर तक्षशिला इंजीनियरिंग कॉलेज में दो दिवसीय कार्यशाला
“विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित करना” थीम पर आधारित कार्यशाला

जबलपुर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 के अवसर पर मध्य प्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी भोपाल के प्रायोजन से तक्षशिला इंजीनियरिंग कॉलेज जबलपुर में 9 एवं 10 मार्च को दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के महत्व से अवगत कराना और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना रहा।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. राजीव चांडक, प्राचार्य जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज ने “जीवन के हर कदम पर विज्ञान की महत्ता” विषय पर तकनीकी प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान मानव जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और आधुनिक समाज की प्रगति का आधार है।

दूसरे दिन समापन सत्र में मुख्य अतिथि एवं अतिथि वक्ता डॉ. के. के. कशवाहा, विभागाध्यक्ष भौतिक विज्ञान, जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज ने “नैनो मटेरियल” विषय पर तकनीकी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर “विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित करना” थीम पर आधारित कार्यशाला में उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. संजय वर्मा ने “म्यूजिक-ए-मेलोडियस साइंस” तथा डॉ. शीतल मेहता ने “विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय महिलाओं की उपलब्धियां” विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया।
कार्यशाला के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विज्ञान क्विज, पोस्टर मेकिंग, मॉडल मेकिंग, वाद-विवाद तथा साइंटिफिक रंगोली जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें अभियांत्रिकी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष आर. एन. पहारिया, सचिव इंजी. शरद गुप्ता, संयुक्त सचिव शरद जैन, ग्रुप डायरेक्टर डॉ. आई. के. खन्ना तथा प्राचार्य डॉ. बी. के. साहू सहित सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. संजय वर्मा तथा सह-संयोजक डॉ. शीतल मेहता रहीं।







