गाडरवारा में दर्दनाक हादसा: 3 श्रमिकों की मौत, 3 घायल; मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की घोषणा की

गाडरवारा, गाडरवारा स्थित एक गार्डन में गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे में बिजली के करंट की चपेट में आने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदय विदारक घटना पर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मृत श्रमिकों के निकटतम वैध वारिसों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इस हादसे में घायल हुए श्रमिकों को भी 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
यह घटना उस समय हुई जब मजदूर गार्डन में काम कर रहे थे और किसी तरह वे विद्युत लाइन के संपर्क में आ गए। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।







