यातायात पुलिस ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, 211 चालकों की हुई जांच

यातायात पुलिस ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, 211 चालकों की हुई जांच
भोपाल, यशभारत। राजधानी की सड़कों पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस भोपाल ने एक सराहनीय पहल की है। शुक्रवार को लालघाटी चौराहे पर वाहन चालकों के लिए विशेष स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न केवल चालकों की आंखों की जांच की गई, बल्कि उन्हें हृदयघात जैसी आपात स्थिति से निपटने के सी.पी.आर का प्रशिक्षण भी दिया गया।
211 चालकों का हुआ परीक्षण
पुलिस उपायुक्त (यातायात) जितेन्द्र सिंह पवार के निर्देशन में आयोजित इस कैंप में कुल 211 निजी और कमर्शियल वाहन चालकों ने अपना चेकअप कराया। सेवा सदन अस्पताल और सामाजिक नेत्र अस्पताल, संत हिरदाराम नगर की मेडिकल टीम ने चालकों के नेत्र, दांत, बीपी और शुगर की जांच की। जिन चालकों की हालत गंभीर पाई गई, उन्हें तत्काल उचित उपचार के लिए सेवा सदन अस्पताल रेफर किया गया और अन्य को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
सड़क पर नियम और सेहत दोनों जरूरी
कार्यक्रम के दौरान डीसीपी यातायात जितेन्द्र सिंह पवार ने चालकों को सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा, “वाहन की फिटनेस जितनी जरूरी है, चालक का स्वस्थ होना भी उतना ही आवश्यक है। हेलमेट और सीट बेल्ट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच हैं। उन्होंने रॉन्ग साइड ड्राइविंग और नशे में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी।
दिखाया जीवन बचाने का तरीका
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बसंत कौल ने बताया कि वर्ष 2025 में यातायात पुलिस सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इस बार शिविर में विशेषज्ञों द्वारा हृदयघात से बचाव के लिए सी.पी.आर. देने का तरीका सिखाया गया, ताकि दुर्घटना या आपात स्थिति में चालक दूसरों की जान बचा सकें।







