होली पर पुलिस के तीन हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा क़ी कमान- हुड़दंगियों पर रहेगी ड्रोन की नज़र

होली पर पुलिस के तीन हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा क़ी कमान
– हुड़दंगियों पर रहेगी ड्रोन की नज़र
भोपाल,यशभारत। राजधानी में होली का त्योहार हर्षोल्लास और शांति के साथ संपन्न कराने के लिए भोपाल पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर प्रणाली के तहत राजधानी में 3000 से अधिक पुलिस बल को सड़कों पर उतारा गया है। विशेष रूप से हुड़दंगियों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और साम्प्रदायिक संवेदनशीलता वाले क्षेत्रों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा के प्रमुख बिंदु
ड्रोन से रखी जाएगी निगरानी
शहर के तंग रास्तों और संवेदनशील इलाकों ( पुराना शहर) में ड्रोन कैमरों के जरिए छतों और गलियों की मॉनिटरिंग की जाएगी।
चौराहों पर चेक पॉइंट्स
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलेगा। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस ब्रीथ एनालाइजर के साथ तैनात रहेगी।
फिक्स्ड पिकेट्स और मोबाइल पेट्रोलिंग
शहर के 100 से अधिक स्थानों पर फिक्स्ड पिकेट्स (स्थायी चौकियां) बनाई गई हैं। इसके अलावा, चीता और पीसीआर वाहन लगातार गश्त करेंगे।
महिला सुरक्षा: महिलाओं के साथ छेड़छाड़ या अभद्रता रोकने के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिस कर्मियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
सोशल मीडिया पर भी नज़र
पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर भी सक्रिय है। भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इनका कहना है…
होली पर्व पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में सघन गश्त करें और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखें।
-संजय कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त







