अगस्त में कुछ इस तरह से रह सकता है मौसम का मिजाज

जबलपुर यश भारत।अगस्त महीने का जलवायु लक्षण लगभग जुलाई माह के समान ही होता है। यहाँ भारी वर्षा की परिस्थिति तब पैदा होती है, जब बंगाल की खाड़ी से कम दबाव तट की ओर बढ़ता हुआ उड़ीसा को पार करते हुए मध्यप्रदेश की ओर पश्चिम दिशा में बढ़ने लगता है। अधिकांश भारी वर्षा की सक्रियता पश्चिमी विक्षोभों के साथ जुड़ी होती है जो देश के उत्तरी भाग से गुजरते हैं। अगस्त माह जुलाई माह की अपेक्षा शीत तथा सामान्यतः आरामदायक प्रतीत होता है, किंतु मानसून की सक्रियता में व्यवधान के समय वातावरण कुछ गरम तथा उमसभरा होता है।
इस माह की औसत वर्षा 443 मि.मी. है तथा वर्षा के दिनों की औसत संख्या 15.5 है। इस माह में सापेक्ष आर्दता 88% – 79% तक होती है। गर्जन के दिनों की औसत संख्या 3.3 है। इस माह का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस है जो जुलाई माह के तुलना में कम होता है तथा औसत न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस होता है। इस तरह दैनिक तापमान में अंतर बहुत कम होता है। सतही हवाएं सामान्यतः पश्चिमी से आती है।
उपलब्ध अभिलेख के आधार पर जबलपुर मै इस माह मै सर्वाधिक कुल मासिक वर्षा 1093.7 मि.मी. सन 1923 को दर्ज किया गया और 24 घंटे में सर्वाधिक वर्षा 320.5 मि.मी. 20 अगस्त 1923 को दर्ज की गई थी। उच्चतम अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस 03 अगस्त 1972 को दर्ज किया गया था।
निम्नतम न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस 27 अगस्त 1929 को दर्ज किया गया था।







