आज स्थिति सामान्य, कल शाम को पेट्रोल पंपों पर मची थी अफरातफरी
पेट्रोल खत्म होने की खबर निकली अफवाह

जबलपुर, यशभारत । शहर में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली खबरें पूरी तरह से अफवाह साबित हुई हैं। भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन सहित अन्य पेट्रोलियम कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की आपूर्ति में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है और स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सोमवार रात अचानक सोशल मीडिया पर यह खबर फैल गई कि शहर में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बंद होने वाली है। इसके चलते शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि कुछ ही घंटों में स्थिति स्पष्ट हो गई और मंगलवार सुबह तक सभी पेट्रोल पंपों पर हालात सामान्य हो गए। लोगों को रोजाना की तरह आसानी से ईंधन मिलता रहा।
जानकारी के अनुसार, ईरान इजरायल युद्ध को लेकर चल रही खबरों के आधार पर यह अफवाह फैलाई गई थी कि आने वाले दिनों में ईंधन की किल्लत हो सकती है और कीमतों में भारी वृद्धि होगी। इसी आशंका के चलते लोगों ने घबराकर अधिक मात्रा में ईंधन भरवाना शुरू कर दिया। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि अचानक बढ़ी मांग के कारण कुछ स्थानों पर दबाव जरूर बना, लेकिन जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है। सप्लाई नियमित रूप से जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जिला कलेक्टर ने भी साफ शब्दों में कहा है कि जबलपुर में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम रखें, पैनिक बाइंग से बचें और किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें।







