भोपालमध्य प्रदेश

बोर्ड ऑफिस से आने वाले वाहनों का रास्ता बदला, मार्ग क़ी मरम्मत तक जारी रहेगा डायवर्जन

बोर्ड ऑफिस से आने वाले वाहनों का रास्ता बदला, मार्ग क़ी मरम्मत तक जारी रहेगा डायवर्जन

– ज्योति टॉकीज के पास धंसी सड़क का होगा सुधार कार्य

भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के व्यस्ततम इलाकों में शामिल ज्योति टॉकीज के पास धंसी सड़क का सुधार कार्य होगा। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए इस मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू करने की तैयारी कर ली है।
जानकारी के अनुसार बोर्ड ऑफिस से ज्योति टॉकीज की ओर जाने वाला मार्ग शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां दिनभर भारी यातायात बना रहता है। इसी मार्ग पर सड़क के एक हिस्से के धंसने से वाहनों के लिए खतरा पैदा हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तुरंत मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्णय लिया और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग से मोड़ दिया गया।
मरम्मत कार्य के दौरान बोर्ड ऑफिस से ज्योति टॉकीज की ओर जाने वाली बसें, भारी वाहन और कारें अब सीधे इस मार्ग से नहीं गुजर सकेंगी। इन वाहनों को डीबी मॉल के सामने से होकर जाना होगा। यहां से वाहन चालक ठड्डाराम कॉम्प्लेक्स मार्ग की ओर दाहिने मुड़ते हुए ज्योति टॉकीज की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। प्रशासन ने इस वैकल्पिक मार्ग पर ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था भी की है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क धंसने के कारण किसी भी समय दुर्घटना हो सकती थी। ऐसे में एहतियात के तौर पर पहले ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है और अब मरम्मत कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने की योजना बनाई गई है। विभाग का दावा है कि सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग हमेशा व्यस्त रहता है और यहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते यह समस्या सामने आई है।
ट्रैफिक डायवर्जन के कारण इस क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को फिलहाल अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ऑफिस समय और शाम के वक्त इस मार्ग पर वाहनों का दबाव और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button