अशोका गार्डन कॉलोनी की सडक़ बदहाल

अशोका गार्डन कॉलोनी की सडक़ बदहाल
– राहगीरों और निवासियों की मुश्किलें बढ़ीं
– लोगों का कहना दस वर्षों से नहीं हुआ समस्या का समाधान
भोपाल यशभारत। अशोका गार्डन में जर्जर मार्ग लोगों के लिए परेशानी सबब बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम से मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। शेड कॉलोनी, जोन-10 वार्ड 71 के निवासियों ने एक बार फिर नगर निगम के समक्ष सडक़ निर्माण की मांग को लेकर चिंता जताई है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जो बरसात के मौसम में पानी से भर जाते हैं। इस कारण राहगीर और वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। साथ ही गंदा पानी उनके घरों तक भी पहुंचता है, जिससे घरों और आसपास के वातावरण में गंदगी फैल रही है। निवासियों ने बताया कि कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
कॉलोनी निवासी जावेद खान ने बताया कि कई बार नगर निगम से संपर्क किया गया, पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हमारे आस-पास की कॉलोनियों जैसे पंत नगर और स्वदेश नगर में पिछले छह वर्षों में सडक़ें दो-दो बार बनी हैं, जबकि हमारी सडक़ बदहाल स्थिति में ही है।
आवागमन हो रहा बाधित
सडक़ की खराब हालत से न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। बरसात के दौरान गड्डों में भरे पानी में वाहन फंस जाते हैं और राहगीरों को गिरने का खतरा रहता है। इसके अलावा, सडक़ की टूट-फूट से आवाजाही धीमी हो गई है और लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है।
अधिकारियों ने दिया आश्वासन
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, शहर के कई इलाकों में सडक़ निर्माण और मरम्मत का काम लगातार चल रहा है। अशोका गार्डन कॉलोनी के निवासियों की समस्या को भी अधिकारियों तक पहुंचाया गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही यहां कार्य शुरू किया जाएगा।







