हेमंत खंडेलवाल प्रदेश अध्यक्ष ने भरा जोश जबलपुर में बोले, पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे

हेमंत खंडेलवाल प्रदेश अध्यक्ष ने भरा जोश जबलपुर में बोले, पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे
जबलपुर, यश।भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शनिवार को जबलपुर दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। खंडेलवाल की अगवानी लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि और जबलपुर सांसद आशीष दुबे ने अंधमुख बाईपास पर की। इसके बाद एक रैली के माध्यम से वे शहर में प्रवेश किए और मानस भवन पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

मंत्री राकेश सिंह ने इस अवसर को जबलपुर के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा, यह सौभाग्य की बात है कि भाजपा के श्रेष्ठ कार्यकर्ता, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जबलपुर पधारे हैं। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और यह दिखाता है कि पार्टी का आधार मजबूत है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं के जोश और समर्पण की सराहना करते हुए कहा, मैं जबलपुर के समर्पित कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद करता हूं। भाजपा के हर कार्यकर्ता में देश को बुलंदियों पर ले जाने की शक्ति है। हम मिलकर संगठन को और मजबूत करेंगे और आगामी चुनावों में ऐतिहासिक विजय हासिल करेंगे।

नगर निगम महापौर जगत बहादुर ‘अनु’ ने भी खंडेलवाल के स्वागत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, आज जबलपुर में हजारों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह स्पष्ट करता है कि पार्टी ने एक सही और कर्मठ नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इस दौरान मानस भवन परिसर भाजपा के नारों और कार्यकर्ताओं की भीड़ से गूंज उठा। कार्यक्रम में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मंडलों के कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है।







