नगर निगम की लापरवाही बनी खतरा चिकलोद रोड पर टूटा चैंबर दे रहा हादसों को न्योता

नगर निगम की लापरवाही बनी खतरा चिकलोद रोड पर टूटा चैंबर दे रहा हादसों को न्योता
भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद क्षेत्र स्थित चिकलोद रोड इन दिनों नगर निगम की लापरवाही का जीता जागता उदाहरण बन गया है। सड़क के बीचोंबीच कई दिनों से टूटा पड़ा सीवर चैंबर अब जानलेवा गड्ढे में तब्दील हो चुका है, जिसके कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और आमजन की जान जोखिम में पड़ गई है। यह मार्ग शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है जहां दिन-रात भारी यातायात बना रहता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की अनदेखी और उदासीनता ने हालात को और गंभीर बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह चैंबर लंबे समय से टूटा हुआ है और इसकी वजह से आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। कई लोग चोटिल हो चुके हैं लेकिन प्रशासन अब भी आंखें मूंदे बैठा है। रात के समय स्थिति और भयावह हो जाती है जब अंधेरे में यह गड्ढा दिखाई नहीं देता और वाहन चालक अचानक इसका शिकार हो जाते हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं लेकिन नगर निगम की ओर से केवल औपचारिकता निभाई गई और समस्या जस की तस बनी हुई है। हालात इतने खराब हैं कि स्थानीय लोगों को खुद ही पत्थर, लकड़ी और अन्य सामान रखकर अस्थायी संकेत देने पड़ रहे हैं ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। यह तस्वीर साफ तौर पर दर्शाती है कि किस तरह जिम्मेदार विभाग अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि इस चैंबर की जल्द मरम्मत कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो यह छोटी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।







